पहलगाम आतंकी हमले तथा ऑपरेशन सिंदूर रोके जाने पर सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मानसून में चर्चा की पूरजोर मांग उठाने की तैयारी कर रहे विपक्ष को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रूकवाने के ताजा दावे ने अपनी मांगों को जायज ठहराने का मौका दे दिया है।
दोनों देशों के युद्ध में पांच लड़ाकू विमानों के मार गिराए जाने के ट्रंप के दावे को तत्काल लपकते हुए मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने मानसून सत्र में इस बारे में सरकार से स्पष्टीकरण की मांग की है।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी से पूछे सवाल
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी जेट विमान गिराए जाने के ट्रंप के बयान को एक्स पर साझा कर प्रधानमंत्री से सफाई मांगते हुए पूछा ‘मोदी जी पांच जहाजों का सच क्या है? देश को जानने का हक है।’ पहलगाम आतंकी हमले-ऑपरेशन सिंदूर के साथ बिहार में मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण विपक्ष का मानसून सत्र में दूसरा सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा जिसे कांग्रेस ने वोटबंदी करार देते हुए चुनाव आयोग को घेरने के इरादे साफ कर दिए हैं।
ट्रंप के दावे पर विपक्ष ने सरकार को घेरा
भारत-पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता के अमेरिकी राष्ट्रपति के नवीनतम बयान पर राहुल गांधी के संक्षिप्त सवाल से पहले कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को बयान जारी करते हुए कहा कि ट्रंप ने बीते 70 दिन में कई बार युद्ध रूकवाने में भूमिका निभाने की बात कही है। अब मानसून सत्र से ठीक दो दिन पहले ट्रंप मिसाइल 24वीं बार उन्हीं दो संदेशों के साथ दागी गई है।
ट्रंप ने फिर कहा है कि भारत और पाकिस्तान दोनों परमाणु संपन्न देशों के बीच युद्ध रूकवाने में उनकी भूमिका रही। अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी यह टिप्पणी भी दोहराई है कि अगर युद्ध जारी रहा तो कोई व्यापार समझौता नहीं होगा और इसलिए उन्हें तत्काल युद्धविराम पर सहमत होना होगा। हालांकि ट्रंप ने बयान में किस देश के विमान गिराए गए यह स्पष्ट नहीं किया है।