Homeविदेशनरम पड़े पाकिस्तान के तेवर, आर्मी चीफ ने कहा- हम भारत से...

नरम पड़े पाकिस्तान के तेवर, आर्मी चीफ ने कहा- हम भारत से बातचीत को तैयार

पाक सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच विवादित मुद्दों को आपसी बातचीत के माध्यम से सुलझाया जा सकता है।

नई दिल्ली। भारत के लिए हमेशा जहर उगलने वाली पाक आर्मी के तेवर नरम पड़ते दिखाई दे रहे हैं। इस बात का अनुमान पाकिस्तानी सेना के प्रमुख के ताजा बयान से लगाया जा सकता है। पाक सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच विवादित मुद्दों को आपसी बातचीत के माध्यम से सुलझाया जा सकता है। इस दौरान पाक सेना प्रमुख ने कश्मीर मसले का भी जिक्र किया। बता दें कि पाक सेना की ओर से यह बयान ऐसे समय आया है, जब आतंकवाद और कश्मीर मुद्दे को लेकर पाकिस्तान पूरी दुनिया के सामने घिरता नजर आ रहा है।

पाकिस्तान को बताया शांतिप्रिय देश

पाक सेना प्रमुख ने यह बात उस समय कही, जब वह काकुल में पाकिस्तान मिलिटरी अकैडमी के कडेट्स की पासिंग आउट परेड को संबोधित कर रहे थे। पाक मीडिया के अनुसार पाक सेना प्रमुख ने कहा कि दोनों देशों के बीच सभी विवादित मसलों को वार्ता की मेज पर निपटाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए दोनों ओर से ही पहल की जानी चाहिए। बाजवा ने क्षेत्र में शांति कायम रखने के लिए पाकिस्तान को बातचीत के लिए तैयार भी बताया। इस दौरान बाजवा ने पाकिस्तान को एक शांतिप्रिया देश की संज्ञा देते हुए कहा कि हम अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध चाहते हैं, लेकिन उनके इस मंतव्य को उसकी कमजोरी न समझी जाए। गौरतलब है कि पिछले साल के अंत में पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा ने हाफिज सईद को लेकर बड़ा बयान दिया था। पाक सेना प्रमुख बाजवा ने कहा था कि सईद ने हर पाकिस्तानी नागरिक की तरह ही कश्मीर समस्या सुलझाने में महती भूमिका निभाई है। बाजवा ने सईद की जमकर प्रशंसा भी की थी। बता दें कि हाफिज सईद मुंबई हमलों का मास्टर माइंड है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments