अपने हिंदुत्ववादी और राष्ट्रवादी विचारों के लिए मशहूर मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री ओर वरिष्ठ भाजपा नेता जयभान सिंह पवैया के ग्वालियर स्थित निवास पर सुबह से ही खासी गहमा गहमी थी कारण था गोवर्धन पूजा समारोह का।
उल्लेखनीय है कि श्री पवैया ने पिछले अनेक वर्षों से स्वयं के द्वारा कुछ अनूठे धार्मिक व देशभक्ति के कार्यक्रमों की परंपरा प्रारंभ की है। इसी के अंतर्गत वे दीपावली के दूसरे दिन अपने निवास पर पूर्ण धार्मिक विधिविधान के साथ उत्सवपूर्ण वातावरण में गोवर्धन पूजा का आयोजन करते हैं।
आज इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री पवैया ने यह आयोजन किया इसमें गोबर से बनाए गए भगवान श्री कृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की भव्यता देखते ही बनती थी।
श्री पवैया ने भक्तिभाव से इनका पूजन किया,भजन मंडलियों द्वारा सुमधुर भजनों के बीच वातावरण पूर्णतः भक्तिमय था। इस अवसर पर प्रसाद स्वरूप भोजन की व्यवस्था भी की गईं थी। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा प्रदेश सरकार के मंत्री रुस्तम सिंह,माया सिंह सहित बड़ी संख्या में सामाजिक धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग उपस्थित थे।