भारत ने हिंद महासागर में अपनी सबसे खतरनाक मिसाइल के परीक्षण का ऐलान करके चीनी ड्रैगन को टेंशन में डाल दिया है। इससे घबराए चीन ने अपने महाशक्तिशाली जासूसी जहाज यूआन वांग-5 को हिंद महासागर के लिए रवाना कर दिया है। दरअसल, भारत ने हिंद महासागर में नाविकों को सतर्क करने के लिए एक नोटम या नोटिस जारी करके कहा है कि वह 15 से 16 दिसंबर के बीच एक प्रायोगिक वीकल की परीक्षण उड़ान आयोजित करने जा रहा है। भारत ने 5500 किलोमीटर के लिए नोटम जारी किया है।
माना जा रहा है कि भारत ने 5400 किमी का नोटम जारी करके यह संकेत दिया है कि वह अग्नि-5 मिसाइल का परीक्षण कर सकता है। यह भी अटकलें है कि भारत अपनी पनडुब्बी से दागे जाने वाली सबसे घातक K-5 मिसाइल का परीक्षण कर सकता है। इस मिसाइल की रेंज 5500 किमी तक है। यह मिसाइल चाहे अग्नि-5 हो या फिर के-5 ये दोनों ही भारत की सबसे खतरनाक मिसाइलें हैं। इन किलर मिसाइलों के परीक्षण की कामयाबी यह सुनिश्चित करेगी कि भारत चीन के किसी भी हिस्से को कभी भी निशाना बना सकता है।
भारत ने अक्सर अग्नि-5 मिसाइल का कम दूरी करके परीक्षण किया है जिसकी मारक क्षमता आधिकारिक रूप से 5400 किमी तक है। यह मिसाइल चीन की मुख्यभूमि के किसी भी हिस्से को तबाह करने में सक्षम है। माना जा रहा है कि भारत इस मिसाइल की चीन तक मार करने की ताकत का परीक्षण करने के लिए इस बार पूरी रेंज के साथ टेस्ट करने जा रहा है। भारत की इसी योजना को देखकर चीन घबरा गया है और उसने अपने जासूसी जहाज यूआन वांग-5 को भेजा है।