भोपाल /मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा, जिस तरह प्रदेश में केस बढ़ रहे हैं, इससे साफ है कि वायरस अभी गया नहीं है। सावधानी ही सुरक्षा का उपाय है। मैं नहीं चाहता कि लॉकडाउन फिर से लगे, लेकिन नाइट कर्फ्यू लगाने बाध्य होना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि MP में कोरोना संक्रमण फिर से तेजी से पैर पसारता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 743 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें 54% प्रतिशत मामले अकेले इंदौर और भोपाल में मिले हैं। इसके अलावा जबलपुर और ग्वालियर में भी मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। इंदौर में 263, भोपाल में 139, जबलपुर में 45 व ग्वालियर में 30 नए नए संक्रमित मिले है। चिंता की बात यह है, पिछले एक सप्ताह में 1100 से अधिक एक्टिव केस बढ़ गए हैं। आज देर शाम तक गृह विभाग नई गाइडलाइन जारी कर सकता है।
एक सप्ताह के आंकड़ों की तुलना करें, तो सप्ताहभर में 316 केस ज्यादा बढ़े हैं। इनमें से 80% इंदौर और भोपाल के केस हैं। इससे संकेत मिलते हैं कि दोनों शहरों में कोरोना की रफ्तार रोकने के लिए सरकार जल्दी ही सख्त कदम उठा सकती है।
एक सप्ताह बाद टेस्टिंग संख्या 1500 बढ़ी
पिछले एक सप्ताह से कोरोना केस लगातार बढ़ते जा रहे थे, लेकिन टेस्टिंग नहीं बढ़ाई गई। आकंड़ों के मुताबिक 7 मार्च से 13 मार्च तक रोजाना करीब 16 हजार टेस्ट किए गए। इसके बाद शनिवार 13 मार्च को यह संख्या बढ़ाकर 17,470 की गई। जानकार मानते हैं कि टेस्ट की संख्या बढ़ाई जाना चाहिए।