मुठभेड़ स्थल से अब तक 12 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं. मौके से एसएलआर और .303 राइफ़लों सहित दूसरे हथियार और गोला-बारूद भी ज़ब्त किया गया
दंतेवाड़ा 3 दिसंबर 2025/छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बीजापुर में दंतेवाड़ा की सीमा पर पुलिस ने एक मुठभेड़ में 12 नक्सलीयों को मार गिराया है।
पुलिस के अनुसार, इस मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड के तीन जवानों की मौत हो गई है. कुछ जवान घायल भी हुए हैं. मुठभेड़ अभी भी जारी है.
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर जितेंद्र यादव ने मीडिया को बताया, “बीजापुर-दंतेवाड़ा इंटर डिस्ट्रिक्ट बॉर्डर एरिया के पश्चिम बस्तर डिवीज़न इलाके़ में डीआरजी दंतेवाड़ा-बीजापुर, स्पेशल टास्क फ़ोर्स एवं कोबरा, सीआरपीएफ़ की संयुक्त टीम की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.”
“अभियान के दौरान पुलिस और माओवादियों के बीच आज सुबह नौ बजे से लेकर लगातार रुक-रुक कर फ़ायरिंग की स्थिति बनी हुई है. क्षेत्र में सुरक्षाबलों की कार्रवाई जारी है.”
बस्तर रेंज के आईजी पुलिस सुंदरराज पट्टलिंगम ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा, “मुठभेड़ स्थल से अब तक 12 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं. मौके से एसएलआर और .303 राइफ़लों सहित दूसरे हथियार और गोला-बारूद भी ज़ब्त किया गया है.”
“अभी मृतकों की पहचान की जानी बाक़ी है. मुठभेड़ में बीजापुर के डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड के तीन जवान- प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी और आरक्षक दुकारू गोंडे और रमेश सोड़ी शहीद हुए हैं.”