Homeधर्म कर्महर-हर महादेव एवं महाकाल के जयघोष से गूँजे ग्वालियर के देवालय

हर-हर महादेव एवं महाकाल के जयघोष से गूँजे ग्वालियर के देवालय

सीधे प्रसारण के जरिए “श्री महाकाल लोक” के लोकार्पण कार्यक्रम के साक्षी बने जिलेवासी

ग्वालियर / भारत के सांस्कृतिक पुनरूत्थान के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को पवित्र नगरी उज्जयनी में “श्री महाकाल लोक” का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले के देवालयों में भी बड़ी संख्या में श्रृद्धालु एकत्रित हुए और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उज्जैन में आयोजित अद्भुत, अनुपम एवं अलौकिक “श्री महाकाल लोक” के लोकार्पण कार्यक्रम के साक्षी बने। इस अवसर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हर-हर महादेव एवं महाकाल के जयघोष के नारे लगाए।
ग्वालियर शहर के चार बड़े देवालयों श्री अचलेश्वर महादेव, कोटेश्वर महादेव, गुप्तेश्वर महादेव एवं मंशापूर्ण हनुमान मंदिर प्रांगण में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए। इस अवसर पर श्रृद्धालुओं ने मंगल दीप प्रज्ज्वलित किए। साथ ही सामूहिक रूप से शिव भजन, कीर्तन एवं भगवान भोले की आरती की।

श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रम में संत कृपाल सिंह सहित अन्य संतजन व जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए। इसी तरह श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु “श्री महाकाल लोक” लोकार्पण कार्यक्रम के साक्षी बनने पहुँचे। यहाँ पर कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी पहुँचे। सभी श्रद्धालु इस पुनीत अवसर पर सामूहिक आरती में शामिल हुए। इसी प्रकार कोटेश्वर महादेव मंदिर एवं गुप्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
ग्वालियर शहर की तरह जिले के ग्रामीण अंचलों के देवालयों में भी “श्री महाकाल लोक” के लोकार्पण के उपलक्ष्य में पूजा-अर्चना की गई। साथ ही एलईडी स्क्रीन पर पुण्य नगरी उज्जैन में आयोजित हुए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। जनपद पंचायत भितरवार के अंतर्गत श्री धूमेश्वर महादेव मंदिर परिसर और डबरा में श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में वृहद कार्यक्रम आयोजित हुए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments