अपराधों से दूरी के लिए युवा नशामुक्त रहें : डॉ. जयवीर भारद्वाज
ग्वालियर, 17 अक्टूबर 2026/अखिल भारत हिंदू महासभा की ओर से दुर्गा सप्तमी के अवसर पर हिंदू महासभा भवन में नौ देवियों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन, कन्या भोज तथा दुर्गा चालीसा और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज ने युवाओं से अपराधों से दूर रहने और नशामुक्ति अभियान में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान दे। उन्होंने ग्वालियर के विकास और अपराधों पर अंकुश लगाने को लेकर जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में सुख-शांति और अपराधमुक्त वातावरण की कामना के साथ महासभा ने नौ देवियों का पूजन और कन्या भोज आयोजित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रामबाबू सेन, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, तथा संभागीय अध्यक्ष पवन गुप्ता सहित लोकेश शर्मा, देवेंद्र कुमार पाठक, कार्यक्रम संयोजक प्रदीप जायसवाल, प्रवीण अष्ठाना और रामबाबू शर्मा ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें चुनरी, अंगवस्त्र, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट किए। कार्यक्रम का संचालन पवन गुप्ता ने किया।
चामुंडा मंदिर में महाआरती, 2 हजार श्रद्धालुओं को प्रसाद
कोटेश्वर स्थित चामुंडा मंदिर में भी धार्मिक आयोजन किया गया। सुनील राठौर, मनीष राठौर एवं उनके परिजनों सहित श्रद्धालुओं ने 108 दीपक प्रज्वलित कर महाआरती की। इसके बाद करीब 2 हजार श्रद्धालुओं को पूरी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रामकिशन राठौर और ज्ञान यादव ने किया।इस संबंध में जानकारी जिला महामंत्री चंद्रशेखर दंडवते ने दी।