मैनचेस्टर 4 जुलाई 2026/इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मैनचेस्टर में दूसरे टी-20 मैच में युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी डेब्यू करने जा रहे हैं. उन्हें टीम के उप-कप्तान तिलक वर्मा ने डेब्यू कैप दी.
संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह दी गई है.
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.
इसके साथ ही सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड टूट गया.
कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्या कहा?
वैभव के डेब्यू पर इंडियन टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, “आपने पिछले कुछ महीनों में उसे देखा है. जिस तरह वह गेंदबाज़ों का सामना करता है, उससे उसका आत्मविश्वास साफ़ नज़र आता है. उसे खिलाने का कोई दबाव नहीं है. उसने अपनी जगह हासिल करने का हक़ कमाया है.”
“वह बिल्कुल भी दबाव नहीं लेता. वह बिना घबराए खेलता है और टीम में उसका होना अच्छी बात है. उसे पता है कि इन मैचों में उसके सामने क्या चुनौतियां आने वाली हैं. उसका स्वभाव बेहद शांत है.”
“नेट्स में उसकी बल्लेबाज़ी देखकर उसके व्यक्तित्व का अंदाज़ा लगाया जा सकता है. टीम में जगह के लिए मुक़ाबला काफ़ी कड़ा है. पिछले दो साल में भारत ने जितनी प्रतिभाएं तैयार की हैं, उसे देखते हुए हर मैच के साथ यह प्रतिस्पर्धा और भी बढ़ गई है.”
कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी की तुलना तेंदुलकर और कोहली जैसे खिलाड़ियों से की
खेल पत्रकार विक्रांत गुप्ता के साथ एक पॉडकास्ट में भारत के पूर्व क्रिकेटर कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी की तुलना तेंदुलकर और कोहली जैसे खिलाड़ियों से की.
उन्होंने कहा, “वैभव सूर्यवंशी एक असाधारण खिलाड़ी हैं. मैंने बहुत कम ऐसे खिलाड़ी देखे हैं जिनमें उनके जैसी प्रतिभा हो. वैभव सूर्यवंशी में उतनी ही प्रतिभा है, जितनी विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर में है.”
हालांकि कपिल देव ने कहा, “वो बहुत बड़ी प्रतिभा हैं, लेकिन मुझे लगता है कि उनके बारे में हम बहुत बड़ी बड़ी बातें कर रहे हैं.”
उन्होंने कहा, “सचिन ने भी इसी उम्र में खेलना शुरू किया था. मुझे लगता है कि अगर खिलाड़ी तैयार है तो उसकी उम्र के बारे में मत सोचो. उसकी क्षमता को देखो और लगता है कि वो खेल सकता है तो ज़रूर खिलाओ. ये नहीं सोचना चाहिए की बुरा वक़्त आएगा तो वो कैसे निकलेगा.”
इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले टी-20 मैच में वैभव को न खिलाए जाने को लेकर सुनील गावस्कर ने निराशा ज़ाहिर की थी.
उनका कहना था कि वैभव सूर्यवंशी को भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू का जितना ज़्यादा इंतज़ार करना पड़ेगा, उन पर उतना ही प्रेशर बढ़ता जाएगा.
पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री ने भी कहा था कि सूर्यवंशी को आयरलैंड के ख़िलाफ़ सिरीज़ में ही मौक़ा मिल जाना चाहिए था.
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी वैभव को न खिलाए जाने पर सवाल उठाए.
लेकिन भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन जैसे कुछ पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि वैभव को इंतज़ार करना होगा और बेंच पर बैठकर भी वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बारीकियां सीख सकते हैं.