Homeदेशअमित शाह से समय लिए बिना मिलने पहुंचे शाहीन बाग के प्रदर्शनकारी...

अमित शाह से समय लिए बिना मिलने पहुंचे शाहीन बाग के प्रदर्शनकारी बैरंग लौटना पड़ा

नागरिकता कानून (CAA) के खिलाफ शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन के आयोजकों ने रविवार को कहा कि उचित अनुमति मिलने के बाद ही प्रदर्शनकारी बातचीत के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निवास के लिए मार्च करेंगे। इस रैली के चलते इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें पुलिस से मंजूरी मिलने का इंतजार है। उन्होंने पहले घोषणा की थी कि वे रविवार को मार्च निकालेंगे।

दक्षिण पूर्वी दिल्ली के शाहीन बाग में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे, जहां सैकड़ों महिलाएं संशोधित नागरिकता कानून को लेकर बातचीत करने के लिए गृह मंत्री अमित शाह के निवास की ओर कूच करने के लिए एकत्र हुईं।

मौके पर बैरीकेड लगा दिए गए और कुछ दूर जाने पर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने अमित शाह से मिलने देने की इजाजत देने के लिए पुलिस से संपर्क के वास्ते शाहीन बाग की दादियां कही जाने वाली बुजुर्ग महिलाओं समेत आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल चुना।

जावेद खान नामक एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘पुलिस ने कहा है कि उसने गृह मंत्री से मिलने का हमारा अनुरोध आगे भेज दिया है और उसने उसके लिए कुछ वक्त मांगा है।’ खान ने कहा कि पुलिस से मंजूरी मिलने के बाद प्रदर्शनकारी अपनी योजना फिर बनाएंगे।

इजाजत नहीं मिलने पर सीएए विरोधी प्रदर्शनकारी अपने प्रदर्शन स्थल पर लौट गए, जहां वे इस नए कानून के खिलाफ आंदोलन करते आ रहे हैं।

वहीं, पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्वी) आरपी मीणा, अतिरिक्त उपायुक्त (दक्षिण-पूर्वी) कुमार ज्ञानेश और शाहीन बाग के थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों के एक दल से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि उनका आवेदन आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों के पास भेजा गया है।

तीन दिन पहले अमित शाह ने कहा था कि संशोधित नागरिकता कानून से जुड़े मुद्दों पर चर्चा को लेकर इच्छुक कोई भी व्यक्ति उनके कार्यालय से समय ले सकता है। हम तीन दिन के अंदर समय देंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments