अमेरिका ने अल-क़ायदा के नेता अयमन अल-ज़वाहिरी को अफ़ग़ानिस्तान में एक ड्रोन हमले में मार दिया है.
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इसकी पुष्टि की है. रविवार को अमेरिका की सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी यानी सीआईए ने अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन चलाया था. इसी में अल-ज़वाहिरी की मौत हुई है.
बाइडन ने कहा,”ज़वाहिरी के हाथ अमेरिकी नागरिकों के ख़िलाफ़ हत्या और हिंसा के ख़ून से रंगे थे. अब लोगों को इंसाफ़ मिल गया है और यह आतंकवादी नेता अब जीवित नहीं है.”
अधिकारियों का कहना है कि ज़वाहिरी एक सुरक्षित घर की बालकनी में थे तभी ड्रोन के ज़रिए दो मिसाइल दागी गई.
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ज़वाहिरी के परिवार वाले भी घर में थे लेकिन किसी को कोई नुक़सान नहीं हुआ है.
सऊदी अरब ने अल-क़ायदा नेता आयमन अल-ज़वाहिरी को मारने के लिए अमेरिका की सराहना की है.
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन की ओर से आतंकवादी और अल-क़ायदा के नेता आयमन-अल ज़वाहिरी की हत्या की घोषणा का सऊदी अरब स्वागत करता है.”