प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दिनों शतरंज की दुनिया में सनसनी फैलाने वाले आर प्रज्ञानंद को बधाई दी है और कहा है कि सभी उनकी सफलता से ख़ुश हैं. उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि चर्चित चैम्पियन मैग्नस कार्लसन के ख़िलाफ़ जीत हासिल करने पर गर्व है और वे प्रज्ञानंद को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हैं.
पिछले दिनों तमिलनाडु के 16 वर्षीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानंद ने एयरथिंग्स मास्टर्स ऑनलाइन रैपिड शतरंज टूर्नामेंट में वर्ल्ड चैम्पियन कार्लसन को हराकर दुनिया को चौंका दिया था. हालाँकि इसके बाद उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा और वे क्वार्टर फ़ाइनल में जगह नहीं बना पाए. लेकिन वर्ल्ड चैम्पियन को हराने के कारण उन्हें भारत में ख़ूब सराहना मिली. विश्वनाथन आनंद से लेकर सचिन तेंदुलकर और कई राजनेताओं ने प्रज्ञानंद की सराहना की.