शहर में चार प्रमुख देवालयों में होंगे पूजा-अर्चना के विशेष आयोजन
ग्वालियर / सांस्कृतिक पुनरूत्थान कार्यक्रम के तहत 11 अक्टूबर को ऐतिहासिक व पौराणिक धार्मिक नगरी उज्जैन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा “श्री महाकाल लोक” का लोकार्पण किया जायेगा। इस दिन ग्वालियर जिला भी सम्पूर्ण प्रदेश के साथ शिवमय होगा। जिलेभर में गाँव-गाँव व शहर-शहर के देवालयों में बड़ी संख्या में श्रृद्धालु एकत्रित होकर शिव भजन, पूजन, कीर्तन व अभिषेक करेंगे। साथ ही मंदिरों में शंख ध्वनि होगी और घंटे-घड़ियाल वादन भी होगा। कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक लेकर इस पवित्र आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने इस आयोजन में जिले के जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध जनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने के निर्देश भी बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए।
ग्वालियर शहर में चार पवित्र मंदिर परिसरों में इस दिन विशेष आयोजन होंगे। इनमें श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर परिसर, कोटेश्वर महादेव, गुप्तेश्वर महादेव एवं श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर परिसर शामिल हैं। पूजा-अर्चना के इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रृद्धालु शामिल होंगे। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र में विकासखंड भितरवार के अंतर्गत धूमेश्वर महादेव मंदिर परिसर और डबरा शहर में श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में विशेष आयोजन होंगे। सायंकाल लगभग 6 बजे से इन देवालयों में पूर्जा-अर्चना के कार्यक्रम शुरू होंगे।
कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्वालियर शहर में “श्री महाकाल लोक” के लोकार्पण के उपलक्ष्य में आयोजित होने जा रहे चारों बड़े आयोजनों सहित अन्य स्थानों पर एलईडी की व्यवस्था भी अनिवार्यत: करें, जिससे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में उज्जैन में आयोजित होने जा हरे “श्री महाकाल लोक” के लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के निवासी भी देख सकें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष तिवारी, अपर कलेक्टर श्री एच बी शर्मा व श्री इच्छित गढ़पाले, नगर निगम के अपर आयुक्त श्री मुकुल गुप्ता तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।