Homeमध्यप्रदेशपूर्व विधायक ने उनपर हुए हमले को कांग्रेसियों द्वारा रची गई...

पूर्व विधायक ने उनपर हुए हमले को कांग्रेसियों द्वारा रची गई हत्या की साजिश बताया

ग्वालियर 09 जून।  भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल ने मंगलवार की सुबह  उनपर हुए हमले को कांग्रेसियों के द्वारा रची गई हत्या की साजिश बताया है।

श्री गोयल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए  बताया कि सुबह एक युवक की हत्या पर परिजनों से मिलने गए थे, उसी समय उन पर पत्थरों से जानलेवा हमला हुआ, जिसमें वे घायल हो गए।
श्री गोयल ने बताया कि सुबह सिरोल इलाके में उन्हें एक युवक पारस जौहरी की हत्या की खबर मिली थी। हत्या के बाद युवक के परिजन और इलाके के लोग शव के साथ सिरोल थाने के पास सड़क पर बैठे थे। इस सूचना के बाद वे बिना गार्ड लिए अपने ड्राइवर के साथ वहां चले गए। वे जैसे ही सिरोल थाने के पास पहुंचे, वहां पर तीन-चार लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला करना शुरू कर दिया। हमला भी उन पर निशाना लगाकर किया जा रहा था। उसी समय ड्राइवर ने तेजी से वाहन बैक किया और वहां से निकल गए। इस हमले में उनके सिर पर चोट आई है और चार टांके भी लगें हैं साथ ही उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
पूर्व विधायक श्री गोयल का कहना है कि जिस प्रकार से जानलेवा हमला किया गया, उससे यही लगता है कि कंाग्रेस बौखला गई है। जिस तरीके से मेरी अनुसूचित जाति वर्ग में पारिवारिक और सुख दुख के संबंध है उसको देखकर कुछ कांग्रेस नेताओं ने इसकी साजिश रची है, क्योंकि जिस वर्ग के लोग सिरोल इलाके में रहते हैं, वे उनके कई वर्षों से समर्थक हैं और अब कांग्रेसियों को लग रहा है कि यह वोट बैंक उनके हाथ से निकल रहा है, इसलिए उन्होंने हमले की साजिश रची। अब इस मामले की जांच पुलिस को करनी है कि इस हमले के पीछे कौन लोग हैं।
श्री गोयल ने कहा कि विरोधी दल चाहे जितना हमले करा ले और षडयंत्र रच ले, मैं गरीबों के साथ हूं और हमेशा रहूंगा, मैं ऐसे हमलों से डरने वाला नहीं हूं। मैं गरीबों और वंचितों की लडाई लडता रहूंगा। कांग्रेस पार्टी ओछी राजनीति कर रही है, उनकी जमीन खिसक गई है। मेरा अनुसूचित जाति वर्ग से रिश्ता वोटों का नहीं है।
प्रेसवार्ता में ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, ग्वालियर पूर्व विधानसभा के उपचुनाव के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, संभागीय मीडिया प्रभारी पवनकुमार सेन उपस्थित थे।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments