यूपी के अमरोहा में एक जोड़ा जब डेट के लिए पहुंचा तो एक-दूसरे को देखकर उनके होश उड़ गए, क्योंकि दोनों पति-पत्नी थे। फर्जी फेसबुक अकाउंट्स के जरिये उनकी दोस्ती हुई, जो प्यार में बदल गई।
अमरोहा : अगर आपने शाहरुख खान और अनुष्का शर्मा अभिनीत फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ देखी है तो आपको याद होगा कि दोनों किस तरह पसंद की शादी नहीं हो पाने की वजह से एक-दूसरे से जुड़ नहीं पाते। हालांकि फिल्म में पति के मन में पत्नी के लिए प्यार पनपता है पर पत्नी उदासीन बनी रहती है और अंतत: वह किसी दूसरे युवक को प्यार कर बैठती है। युवक बाद में उसका पति ही निकलता है, जो अपनी पत्नी का प्यार पाने के लिए अपना हुलिया और हुनर, दोनों बदल देता है।
इसी से मिलता-जुलता एक मामला यूपी के अमरोहा से सामने आया है, जहां दो साल पहले विवाह बंधन में बंधे एक दंपति को एक-दूसरे का साथ यूं तो पसंद नहीं आ रहा था, लेकिन फेसबुक पर फर्जी अकाउंट्स के जरिये संपर्क में आने पर वे एक-दूसरे के प्यार में ऐसे पड़े कि साथ जीने-मरने की कसमें खाने लगे। दोनों की पहचान का एक-दूसरे के लिए खुलासा तब हुआ, जब वे डेट के लिए एक रेस्टोरेंट में पहुंचे
दोनों के होश तब उड़ गए जब वे मुलाकात के लिए मंगलवार को एक रेस्टोरेंट में पहुंचे। वहां एक-दूसरे को देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और फिर जो हुआ, उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं होगी। फेसबुक पर दोस्ती और प्यार की कसमें खाने वाला यह जोड़ा आपस में लड़ बैठा। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि इस पर पंचायत बुलानी पड़ी, जहां इसे रफा-दफा कर दिया गया।